संभागायुक्त श्री सत्य नारायण राठौर ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नांदघाट का आकस्मिक निरीक्षण
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर दिया जोर, प्रसूता महिलाओं की विशेष देखभाल के निर्देश
बेमेतरा, 27 अगस्त 2026/ दुर्ग संभागायुक्त श्री सत्य नारायण राठौर ने आज बेमेतरा जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नांदघाट का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केन्द्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
संभागायुक्त ने ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, दवा वितरण कक्ष, लैबोरेटरी एवं टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से स्टाफ की उपलब्धता, दवाओं के स्टॉक और उपकरणों की स्थिति के बारे में पूछताछ की।

गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सेवा देने के निर्देश
संभागायुक्त श्री राठौर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को गुणवत्तायुक्त और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने को कहा।
प्रसूता महिलाओं की विशेष देखभाल पर जोर
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रसव कक्ष का विशेष रूप से अवलोकन किया और निर्देश दिए कि प्रसूता महिलाओं की विशेष देखभाल की जाए। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, जच्चा-बच्चा की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शासन की मातृत्व योजनाओं का लाभ हर हितग्राही तक पहुंचाने के लिए कहा।
आपात सेवा के लिए सतर्क रहने के निर्देश
संभागायुक्त ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए प्रथम उपचार केन्द्र होता है, इसलिए 24 घंटे आपातकालीन सेवा के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को सतर्क और मौजूद रहने के निर्देश दिए। किसी भी आपात स्थिति में मरीज को तत्काल उपचार मिलना चाहिए।

लैब रिपोर्ट उसी दिन उपलब्ध कराने के निर्देश
लैब का निरीक्षण करते हुए संभागायुक्त ने कहा कि सामान्य जांच जैसे हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, मलेरिया आदि की रिपोर्ट उसी दिन मरीजों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उपचार में विलंब न हो।
इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री पिंकी मनहर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
Samachaar Today Latest & Breaking News Updates In Hindi