रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग द्वारा नगर भवन बलौदाबाजार में आयोजित तीन दिवसीय भव्य फोटो प्रदर्शनी का गुरुवार को समापन हो गया। प्रदर्शनी के अंतिम दिन प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने इसका आत्मीय अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं और देश की प्रगति को दर्शाती तस्वीरों की जमकर सराहना की।
राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को ‘ऐतिहासिक’ करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने अधोसंरचना विकास (इंफ्रास्ट्रक्चर) से लेकर आर्थिक और तकनीकी सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। इन योजनाओं ने देश को एक नई दशा और दिशा दी है। आज छत्तीसगढ़ के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का सीधा लाभ पहुँच रहा है।
तस्वीरों में दिखी सशक्त भारत की झलक
प्रदर्शनी में विभिन्न आयामों और चित्रों के माध्यम से देश व राज्य के विकास कार्यों को बेहद आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जबकि एलईडी स्क्रीन्स के जरिए लोगों को शासकीय योजनाओं की डिजिटल जानकारी दी गई। इस तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी में बदलते और सशक्त होते भारत की एक बेहद गौरवशाली तस्वीर उभरकर सामने आई। प्रदर्शनी का एक बड़ा हिस्सा देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को समर्पित रहा, जहाँ ‘हम बनाते हैं स्वदेशी हथियार’ अभियान के तहत करीब 38,400 करोड़ रुपए के रिकॉर्ड तोड़ रक्षा निर्यात (डिफेंस एक्सपोर्ट) की ऐतिहासिक सफलता को बड़े ही प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। सुरक्षा के साथ-साथ ‘गरीब कल्याण’ को रेखांकित करती तस्वीरों ने भी लोगों का ध्यान खींचा, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत देश भर में बने 4 करोड़ पक्के मकानों, स्वच्छ शौचालय, मुफ्त राशन और आयुष्मान कार्ड जैसी बुनियादी सुविधाओं के जरिए गरीबों के जीवन में आए बदलाव की पूरी कहानी बयां की गई थी।
देश की तरक्की को रफ्तार देने वाली ‘इंफ्रास्ट्रक्चर क्रांति’ प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण
देश की तरक्की को रफ्तार देने वाली ‘इंफ्रास्ट्रक्चर क्रांति’ भी इस प्रदर्शनी का एक मुख्य आकर्षण रही। यहाँ विश्व के सबसे ऊंचे ‘चिनाब रेलवे ब्रिज’ और समंदर के सीने पर बने आधुनिक ‘अटल सेतु’ के चमत्कृत कर देने वाले दृश्यों के साथ-साथ, 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक फैले राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क और पटरियों पर दौड़ने को तैयार ‘वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों’ की आधुनिकता से लोगों को रूबरू कराया गया।
साइंस व टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत के बढ़ते कदम
विकास की इस महागाथा में आधी आबादी और युवाओं की भागीदारी को भी प्रमुखता से दिखाया गया, जहाँ ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत 3 करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के बड़े लक्ष्य और डिजिटल अभियान के जरिए युवा शक्ति को नई दिशा देने के प्रयासों को खूबसूरती से उकेरा गया। अंत में, आस्था और आधुनिक तकनीक का एक अनूठा संगम भी यहाँ देखने को मिला, जहाँ एक तरफ अयोध्या में निर्मित भव्य राम मंदिर की अलौकिक झलक थी, तो दूसरी तरफ साइंस व टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत के बढ़ते कदम और ‘सेमीकंडक्टर चिप’ निर्माण जैसी भविष्यवादी और क्रांतिकारी उपलब्धियों का गौरव गान था।
फोटो प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान मंत्री श्री टंक राम वर्मा के साथ कलेक्टर कुलदीप शर्मा, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और आमजन उपस्थित थे।
Samachaar Today Latest & Breaking News Updates In Hindi