रायपुर : कबीरधाम जिले के किसानों के लिए इस बार की होली सिर्फ रंगों का नहीं, बल्कि समृद्धि का त्यौहार बनकर आई है। कृषक उन्नति योजना के जरिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने किसानों के खातों में धान की अंतर राशि भेजकर उनके त्योहार को खास बना दिया है। जैसे ही किसानों के मोबाइल पर राशि जमा होने का मैसेज आया, गांवों में खुशियां छा गई। इस योजना की सबसे अच्छी बात यह रही कि पैसा सीधे बैंक खाते में पहुंचा, जिससे किसानों को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़े।
ग्राम नवडीह के किसान श्री सोनी कुमार वर्मा ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष लगभग 250 क्विंटल धान बेचा है। होली से पहले उनके खाते में 1 लाख 82 हजार रुपए की अंतर राशि जमा हुई है। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि एकमुश्त राशि मिलने से उनकी होली और भी अच्छी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पैसे का उपयोग वे गन्ना की खेती के लिए बेहतर किस्म के बीज मंगाने में करेंगे, जिससे आने वाले समय में उनकी फसल और अच्छी होगी।
इसी तरह कबीरधाम जिले के ग्राम बानों के किसान रामप्रसाद पाली ने भी योजना के तहत राशि मिलने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जैसे ही मोबाइल पर राशि जमा होने का संदेश मिला, परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। होली जैसे बड़े त्यौहार से पहले यह आर्थिक सहयोग उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं है। रामप्रसाद पाली ने बताया कि इस राशि से वे खेती के जरूरी काम पूरे करेंगे और परिवार की जरूरतें भी पूरी कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि योजना का पैसा सीधे खाते में आने से उन्हें किसी प्रकार की भागदौड़ नहीं करनी पड़ी। इससे किसानों का सरकार पर विश्वास और मजबूत हुआ है। कृषक उन्नति योजना ने न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूती दी है, बल्कि त्यौहार के मौके पर उनके जीवन में नई खुशियां भी भर दी हैं।
Samachaar Today Latest & Breaking News Updates In Hindi