दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में शादी से ठीक पहले दुल्हन ने फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश की रहने वाली युवती की शादी भिलाई के युवक से तय हुई थी। दो दिन पहले ही परिवार शादी करने के लिए भिलाई पहुंचा था और यहां पर पावर हाउस स्थित लाॅज में रुके हुए थे। बारात आने वाली थी, इससे पहले ही दुल्हन ने फांसी लगाकर जान दे दी।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी पूजा साहनी (27) अपने परिवार के साथ भिलाई पावर हाउस के आधुनिक लाॅज में रूकी हुई थी। शनिवार 24 मई को बारात आने वाली थी। परिवार के सदस्यों में ख़ुशी का माहौल था। सभी शादी की तैयारियों में जुटे हुये थे। इससे पहले ही शुक्रवार को दुल्हन पूजा साहनी अचानक गायब हो गई।
परिजनों ने इधर-उधर काफी तलाश किया, इसी दौरान उसका शव बाथरूम के अंदर फंदे से लटकता मिला। लाश देखकर परिवार के लोग सदमे में आ गये। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी कुछ माह से मानसिक रूप से तनाव में थी। पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल मृतिका के शव के पास से किसी तरह का सुसाइट नोट नहीं मिला है। पुलिस मृतिका के मोबाइल को भी खंगाल रही है। साथ ही परिजनों से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद खुशियों के बीच दुल्हन और दूल्हे के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
Samachaar Today Latest & Breaking News Updates In Hindi