प्रदेश में अगले दो दिनों तक अलग-अलग जगहों पर गरज-तड़क के साथ भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार इन दिनों मानसून की सक्रियता होने के कारण वर्षा में तेजी आई है।
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बने होने के कारण बादलों की सक्रियता के कारण वर्षा का प्रभाव बने होने से तापमान में गिरावट आई है। अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित अन्य भागों में छिटपुट वर्षा की संभावना है।
तीन जिलों के रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद में अति भारी वर्षा को लेकर औरेंज अलर्ट एवं गया, नवादा, अरवल में गरज-तड़क के साथ भारी वर्षा व पटना सहित 20 जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात की चेतावनी है। दो दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट की संभावना है।
बीते 24 घंटों के दौरान रोहतास के इंद्रपुरी में सर्वाधिक वर्षा 141.2 मिमी दर्ज की गई। राजधानी व आसपास इलाकों में बादलों की आवाजाही बने होने के साथ शाम में छिटपुट वर्षा के कारण मौसम सामान्य बना रहा।
रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस व गोपालगंज में 34.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।
Samachaar Today Latest & Breaking News Updates In Hindi