अयोध्या के राम मंदिर में रोजाना लाखों की संख्या में भक्त उमड़ रहे हैं।
रामलला का एक दर्शन पाने के लिए देशभर से भक्त आ रहे हैं। सरकार भी कई ट्रेनों का संचालन कर रही है, जिसके जरिए भक्त आसानी से अयोध्या पहुंच सकें।
वहीं, अयोध्या में हाल ही में एयरपोर्ट भी शुरू किया गया, जहां विभिन्न शहरों से फ्लाइट्स आ रही हैं। पिछले साल के आखिरी में पीएम मोदी ने अयोध्या से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल स्टेशन तक के लिए वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत की थी।
यह ट्रेन महज साढ़े आठ घंटे में ही दिल्ली से अयोध्या तक यात्रियों को पहुंचा देती है।
यदि आप भी रामलला का दर्शन करने के लिए अयोध्या जाने का प्लान बना रहे हैं तो वंदे भारत से सफर कर सकते हैं। आनंद विहार टर्मिनल से यह वंदे भारत सुबह 6.10 मिनट पर चलती है और फिर सुबह 11 बजे कानपुर रुकती है।
इसके बाद दोपहर 12.25 पर वंदे भारत लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर रुकती है और फिर ढाई बजे ट्रेन अयोध्या पहुंच जाती है।
यानी कि आठ घंटे 20 मिनट में रामभक्त दिल्ली से अयोध्या पहुंच सकते हैं। इस दौरान ट्रेन 628 किलोमीटर की यात्रा तय करती है।
वहीं, वापसी की बात करें तो अयोध्या से यह ट्रेन दोपहर 3.20 पर चलती है और फिर लखनऊ, कानपुर होते हुए देर रात 11.40 पर वापस दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल पहुंच जाती है।
वंदे भारत हफ्ते में बुधवार को छोड़कर बाकी सभी छह दिन चलती है। इस ट्रेन का नंबर 22425/22426 है। बता दें कि इसके अलावा, दिल्ली से वाराणसी, दिल्ली से कटरा वैष्णो देवी के लिए भी वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं, जोकि बहुत हिट साबित हुई हैं।
पिछले साल ही भारतीय रेलवे ने 34 वंदे भारत की शुरुआत की थी।
इस साल रेलवे का टारगेट 60 नई वंदे भारत ट्रेनें लॉन्च करने का है।
Samachaar Today Latest & Breaking News Updates In Hindi