ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के एक गांव में लंबे समय से चला आ रहा भूमि विवाद दो समूहों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। इसमें 52 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि राजकनिका थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव की घटना हुई। मरने वाली महिला की पहचान सुशीला नायक के रूप में हुई है। लकड़ी के तख्ते से हमला किए जाने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। अधिकारी ने आगे कहा कि सभी घायलों को केंद्रपाड़ा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उनमें से दो की हालत बिगड़ने पर उन्हें कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजकनिका पुलिस थाने के निरीक्षक दिलीप धल ने कहा कि संदेह है कि हिंसा संपत्ति विवाद की वजह से भड़की है। झड़प के सही कारण की जांच की जा रही है। हमने तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपी गांव से भाग गए हैं। हम उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रहे हैं। कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Samachaar Today Latest & Breaking News Updates In Hindi